रांची:मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से रांची जिला दुर्गा पूजा समिति, रांची महानगर दुर्गा पूजा समिति एवं विभिन्न शांति समितियों का एक संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को चुनरी, मां दुर्गा की प्रतिमा एवं गुलदस्ता भेंट कर उनका अभिवादन किया।समिति के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनके नेतृत्व में इस बार पूजा समितियों को जिला प्रशासन का पूरा और समय पर सहयोग मिल रहा है।सदस्यों ने संतोष व्यक्त किया कि बिजली, सुरक्षा और साफ-सफाई जैसी व्यवस्थाओं से जुड़ी समस्याओं का समाधान प्रशासन द्वारा समय रहते कर लिया गया है। प्रतिनिधिमंडल ने इसके लिए राज्य सरकार और मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।




