रांची: अंडमान निकोबार के आसपास बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर झारखंड के मौसम पर भी पड़ने की संभावना है। राज्य के कई जिलों में आज से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। आसमान में बादल छाए रहने के साथ कई स्थानों पर गरज और वज्रपात की स्थिति बन सकती है।मौसम के बदलते मिजाज के बीच कुछ इलाकों में तेज हवा के साथ बारिश होने की भी संभावना है। कई स्थानों पर हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इसे देखते हुए लोगों को मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 23 सितंबर को रांची समेत आठ जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इनमें रांची, खूंटी, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, कोडरमा, बोकारो और धनबाद शामिल हैं।इन जिलों में भारी बारिश के साथ गरज और वज्रपात की स्थिति भी बन सकती है। वहीं, राज्य के अन्य हिस्सों में भी बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर वज्रपात की संभावना है।रांची समेत झारखंड के कई हिस्सों में मौसम में बदलाव का असर 25 सितंबर तक बने रहने की संभावना है। इस दौरान आसमान में बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवा चलने की स्थिति देखने को मिल सकती है।मौसम के इस बदलाव को देखते हुए खासकर खुले स्थानों पर रहने वाले लोगों को गरज-वज्रपात के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत है।




