रांची: एक वायरल वीडियो को लेकर,राजधानी के दशम फॉल थाना क्षेत्र में मंगलवार को दिनदहाड़े हुई कथित रोड रेज और कार का शीशा तोड़ने की घटना, सरेआम गुंडागर्दी और युवतियों के साथ बदसलूकी जैसी बातें सोशल मीडिया पर लिखी जा रही हैं इस वीडियो के पीछे की असल कहानी कुछ और ही है।इस वीडियो में देखा जा रहा है कि स्कॉर्पियों के युवकों ने लड़कियों की कार का पीछा किया, कार का शीशा तोड़ दिया। गुंडागर्दी समझ परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ ने ऐक्शन लिया,रांची पुलिस को निर्देश दे दिया कि महिलाओं से ऐसे बर्ताव की पुनरवृत्ति ना हो लेकिन मामला कुछ और निकला।मंत्री ने खुद सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए लिखा, “अभी जैसी जानकारी प्राप्त हुई है उसके अनुसार इस मामले में पुलिस ने सिर्फ 10 मिनट में रिस्पॉन्स देकर अपनी मुस्तैदी साबित की है। दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से विवाद सुलझा लिया है। कानून अपना काम कर रहा है और झारखंड पुलिस पूरी तरह सक्रिय है।किसी भी तरह की अफवाह या गलत विमर्श किसी के भी द्वारा बनाने से पहले जमीनी हकीकत और पुलिस की सक्रियता को देखना जरूरी है।”
क्या है पूरा मामला?
जाँच के अनुसार, जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र के सरजमदा निवासी एक युवक की कार (JH 05 EA 9079) में तीन युवती और सवार थी. जो जमशेदपुर से हजारीबाग की ओर जा रहे थे. दोपहर करीब सवा बारह बजे के आसपास, जब उनकी कार दशम फॉल थाना क्षेत्र के पांचों गांव के पास पहुंची, तो उनकी गाड़ी ने आगे चल रही एक काले रंग की स्कॉर्पियो (JH 01 GH 4141) को जोरदार टक्कर मार दी. स्कॉर्पियो में रांची के चुटिया थाना क्षेत्र के रहने वाले दो सवार थे.टक्कर की इस घटना के बाद स्कॉर्पियो सवार युवक अपनी गाड़ी रोककर बात करना चाहते थे, लेकिन कार चालकों ने गाड़ी रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी और मौके से भागने का प्रयास किया. अपनी गाड़ी को क्षतिग्रस्त देखकर स्कॉर्पियो सवार युवकों ने कार का पीछा करना शुरू किया. काफी दूर तक पीछा करने के बाद युवकों ने कार को आगे जाकर रोक लिया. इसी दौरान, गुस्से में आकर युवकों ने कार को रोकने और अंदर बैठे लोगों को बाहर निकालने के लिए कार के शीशे पर वार कर दिया. जिससे शीशा टूट गया. इसी तोड़फोड़ का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. जिसे बिना पूरी सच्चाई जाने गुंडागर्दी का नाम दे दिया गया.कार का शीशा टूटने के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई थी और तनाव का माहौल बन गया था.लेकिन थोड़ी देर बाद अपनी गलती और गुस्से में किए गए नुकसान को स्वीकार करते हुए स्कॉर्पियो सवार युवकों ने क्षतिग्रस्त कार की मरम्मत के लिए मौके पर ही 30 हजार की नकद राशि हर्जाने के रूप में दी.




