आदित्यपुर/जमशेदपुर। हाल ही में जमशेदपुर में पुलिस की मौजूदगी में हुई स्वर्गीय हिमांशु सिंह की निर्मम हत्या के मामले में न्याय की मांग लगातार तेज होती जा रही है। इसी क्रम में प्रदेश अध्यक्ष श्री आदित्य साहू, महामंत्री श्री अमर कुमार बाउरी एवं अन्य पदाधिकारियों ने आदित्यपुर के शांतिनगर स्थित पीड़ित परिवार के आवास पहुंचकर शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की और गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
मिडिया से बात करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा,जमशेदपुर में पुलिस की मौजूदगी में दो युवाओं पर हुए जानलेवा हमले में एक की मौत और दूसरे का गंभीर रूप से घायल होना पूरे झारखंड की कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल है। जब पुलिस घटनास्थल पर मौजूद थी, तब अपराधियों ने खुलेआम हमला कर दिया। यदि पुलिस समय पर कार्रवाई करती, तो शायद यह घटना टाली जा सकती थी।
आदित्य साहू ने कहा,हम मांग करते हैं कि घटना के समय मौजूद पुलिसकर्मियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच हो और यदि लापरवाही या मिलीभगत सामने आती है तो उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। इस मामले की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों को सख्त से सख्त सजा मिले।यदि इस मामले को दबाने या भटकाने का प्रयास किया गया, तो भारतीय जनता पार्टी सड़क से लेकर पूरे राज्य स्तर तक लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेगी, ताकि पीड़ित परिवारों को न्याय मिल सके।




