साहिबगंज में फिर अवैध खनन,मरांडी ने ईडी-CBI जांच की मांग की

0
babulal marandi

रांची: झारखंड भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार पर जल, जंगल और जमीन की सुरक्षा में विफल रहने का आरोप लगाते हुए साहिबगंज जिले में एक बार फिर अवैध खनन का मामला उठाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि हेमंत सोरेन सरकार के कार्यकाल में राज्य की प्राकृतिक संपदाओं का लगातार दोहन हो रहा है।मरांडी ने कहा कि साहिबगंज जिले के नींबू पहाड़ में 1000 करोड़ रुपये से अधिक के कथित अवैध खनन मामले को लेकर पहले भी गंभीर सवाल उठ चुके हैं। उनके अनुसार, इस मामले में सत्ताधारी दल के शीर्ष नेताओं की कथित संलिप्तता, न्यायालय की कार्यवाही और सीबीआई जांच की स्थिति सामने आने के बावजूद अवैध खनन को लेकर चिंताएं समाप्त नहीं हुई हैं।

उन्होंने दावा किया कि अब साहिबगंज के बड़हरवा क्षेत्र में लगभग 10 एकड़ भूमि पर फिर से कथित अवैध खनन की जानकारी सामने आई है। मरांडी के अनुसार, भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस संबंध में कथित अवैध खनन का वीडियो भी उपलब्ध कराया है।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि इस मामले में जिला प्रशासन, जिसमें उपायुक्त (डीसी), पुलिस अधीक्षक (एसपी), जिला खनन पदाधिकारी (डीएमओ) और स्थानीय पुलिस प्रशासन शामिल हैं, समान रूप से जिम्मेदार हैं।मरांडी ने आरोप लगाया कि पिछले सात वर्षों में खदानों की नीलामी प्रक्रिया और खनन प्रबंधन को शिथिल कर राज्य की प्राकृतिक संपदाओं का दुरुपयोग किया गया है। उन्होंने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से मामले का संज्ञान लेकर शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here