रांची: आज रांची के प्रोजेक्ट भवन में स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखण्ड के अंतर्गत संविदा आधारित चयनित अभ्यर्थियों के नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में सीएम हेमंत सोरेन शामिल हुए।समारोह में स्वास्थ्य विभाग के तहत 151 विशेषज्ञ डॉक्टरों और 56 खाद्य सुरक्षा पदाधिकारियों, हॉस्पिटल मैनेजर्स एवं फाइनेंस मैनेजर्स सहित 262 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे.
सीएम हेमंत सोरेन ने आज कहा, नवनियुक्त सभी अधिकारियों, चिकित्सकों और प्रबंधकों से कहना चाहूंगा कि वह यह याद रखें कि मिलने वाली तनख्वाह राज्य और देश के आम नागरिकों के पैसे से आती है। हम सभी जनता के कर्जदार हैं। सीएम हेमंत सोरेन ने कहा,सरकार अपने बजट का एक बड़ा हिस्सा कर्मचारियों के वेतन और भत्तों पर खर्च करती है जबकि विकास पर बजट का कम हिस्सा खर्च हो पाता है। ऐसे में हमारी जिम्मेदारी है कि हम पूरी ईमानदारी, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ जनता की सेवा करें। यदि हम अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा से करें, तो समाज और राज्य में बड़ा सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।झारखंड की जनता को आप सभी से बड़ी उम्मीदें हैं। सेवा ही आपका सबसे बड़ा धर्म और पहचान बने — यही शुभकामना है, जोहार।




