झारखण्ड : पूर्व सीएम रघुबर दास की बहू और जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू की तबीयत सोमवार देर रात अचानक बिगड़ जाने के बाद उन्हें टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) में भर्ती कराया गया। उनके अस्पताल में भर्ती होने की खबर फैलते ही समर्थकों, शुभचिंतकों और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच चिंता का माहौल बन गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, देर रात उनका रक्तचाप (ब्लड प्रेशर) अचानक काफी नीचे चला गया, जिसके बाद परिजनों ने चिकित्सकों की सलाह पर उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में प्रारंभिक जांच के बाद डॉक्टरों ने बेहतर निगरानी और उपचार के लिए उन्हें आईसीयू में भर्ती करने का निर्णय लिया।फिलहाल विधायक पूर्णिमा साहू की स्थिति स्थिर बतायी जा रही है। विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर नजर रखे हुए है और आवश्यक उपचार जारी है। चिकित्सकों ने बताया कि उनकी सेहत में सुधार के संकेत मिल रहे हैं, जिससे परिजनों और समर्थकों को राहत मिली है।




