रांची : प्रश्नपत्रों की कमी के कारण बोकारो और रांची में एक-एक परीक्षा केंद्र पर JPSC ने 2 विषयों की परीक्षाएं रद्द कर दी. मामले पर भाजपा ने हेमंत सरकार को घेरा. सांसद संजय सेठ ने कहा, आज झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) द्वारा आयोजित पात्रता परीक्षा में जो हुआ, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और घोर लापरवाही है।आज बोकारो और रांची के एक-एक परीक्षा केंद्र पर प्रश्न पत्र ही नहीं पहुंच पाया, जिसके कारण अभ्यर्थियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा, इनमें स्वाभाविक रूप से आक्रोश भी देखने को मिला। फिर JPSC ने शिक्षा और उड़िया की परीक्षा रद्द करने की घोषणा की। मेरा मानना है कि परीक्षा रद्द करना समाधान नहीं है। ऐसी स्थिति के लिए जिम्मेदार लोगों पर भी कार्रवाई सुनिश्चित होनी चाहिए। भाजपा झारखण्ड के अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा,युवाओं के भविष्य से बार-बार खिलवाड़ आखिर कब तक? राज्य की Hemant सरकार के कार्यकाल में प्रतियोगी परीक्षाएँ या तो लीक होती हैं, या फिर अव्यवस्था का शिकार हो जाती हैं। मेहनत और उम्मीद लेकर परीक्षा देने पहुँचे हजारों अभ्यर्थियों के साथ यह अन्याय है।राज्य सरकार को इस मामले में जवाब देना होगा और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करनी होगी, ताकि भविष्य में किसी भी अभ्यर्थी के सपनों के साथ इस तरह का खिलवाड़ न हो।




