रांची:स्वास्थ मंत्री इरफान अंसारी ने रांची में 23वें JHOSCON ऑप्थैल्मोलॉजिकल कॉन्फ्रेंस का उद्घाटन करते हुए घोषणा की कि झारखंड में जल्द ही अंग प्रत्यारोपण (ऑर्गन ट्रांसप्लांट) सेवाएं शुरू की जाएंगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और उन्नयन के लिए प्रतिबद्ध है।सम्मेलन में देश-विदेश से आए सैकड़ों नेत्र रोग विशेषज्ञों ने भाग लिया। इस अवसर पर रेटिना सर्जरी में अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि हासिल करने वाले डॉ. बिभूति कश्यप को सम्मानित किया गया। डॉ. बिभूति कश्यप ने रेटिनल सर्जरी के क्षेत्र में ऑस्कर माने जाने वाले दो रेट बुक्लर ट्रॉफी जीतकर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था.अपने संबोधन में स्वास्थ्य मंत्री ने बच्चों में बढ़ती मायोपिया (निकट दृष्टि दोष) और अत्यधिक स्क्रीन उपयोग से होने वाले डिजिटल आई स्ट्रेन पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की नियमित नेत्र जांच कराने की अपील की।मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में मोतियाबिंद, ग्लूकोमा और डायबिटिक रेटिनोपैथी की जांच और उपचार सेवाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है, ताकि लोगों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।




