रामगढ़। झारखंड भाजपा अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने रामगढ़ स्थित BFCL प्लांट से हो रहे कथित बेलगाम प्रदूषण को लेकर राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि प्लांट से निकलने वाला जहरीला धुआं आमजन के लिए गंभीर संकट बन चुका है और लोग दमघोंटू हवा में सांस लेने को मजबूर हैं।मरांडी ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी एयर प्यूरीफायर लगाकर सुरक्षित वातावरण में बैठे हैं, जबकि आम जनता प्रदूषण की मार झेल रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन अक्सर दोपहिया वाहनों के प्रदूषण प्रमाणपत्र की जांच के लिए बैरिकेडिंग में व्यस्त नजर आता है, लेकिन कई किलोमीटर दूर से साफ दिखाई देने वाला जहरीली हवा का गुबार न तो पुलिस को दिखता है और न ही अधिकारियों या सरकार को।नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रकृति ने झारखंड को खनिज संसाधनों का अनमोल वरदान दिया है, लेकिन सरकार द्वारा खनिज संसाधनों के अंधाधुंध दोहन की जिद आज झारखंडवासियों के लिए अभिशाप बनती जा रही है। इसका सीधा खामियाजा आम लोगों के स्वास्थ्य और पर्यावरण को भुगतना पड़ रहा है।बाबूलाल मरांडी ने रामगढ़ के उपायुक्त से मांग की है कि प्रदूषण फैलाने वाली औद्योगिक इकाइयों के संचालन पर तत्काल रोक लगाई जाए। साथ ही एक विशेष जांच दल का गठन कर जिले में संचालित सभी औद्योगिक इकाइयों के प्रदूषण नियंत्रण मानकों की सघन जांच कराई जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।




