झारखण्ड : मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी इलाज योजना के तहत लोगों के मेडिकल इलाज के लिए ₹45 करोड़ की राशि मंज़ूर की गई है। राज्य में किसी को भी पैसे की कमी के कारण मरने नहीं दिया जाएगा। जामताड़ा ज़िले के लिए ₹5 करोड़ की विशेष मंज़ूरी दी गई है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि पिछले कई दिनों से उन्हें दिन-रात मरीजों और उनके परिजनों के दर्दभरे फोन आ रहे थे। लोग बता रहे थे कि वे बाहर राज्यों में इलाज तो करा रहे हैं, लेकिन पैसों के अभाव में उनका इलाज बीच में ही रूक जा रहा है।कई परिवार टूटने की कगार पर थे, हालात बेहद गंभीर थे। मरीजों की इस पीड़ा को गंभीरता से लेते हुए मंत्री डा. इरफान अंसारी ने तुरंत संज्ञान लिया और बिना देर किए एक आपातकालीन उच्चस्तरीय बैठक बुलाई। बैठक के बाद बड़ा और साहसिक निर्णय लेते हुए गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए 42 करोड़ रुपये का आवंटन स्वीकृत किया गया, ताकि किसी भी मरीज का इलाज पैसों की वजह से न रुके। इसके साथ ही जामताड़ा जिले को 4.5 करोड़ रुपये की विशेष राशि प्रदान की गई, जिससे स्थानीय मरीजों को सीधा लाभ मिल सके। मंत्री ने कहा कि वह खुद डाक्टर हैं। मरीज की पीड़ा, उसका दर्द और परिजनों की बेबसी को भली-भांति, समझते हैं। पैसों के अभाव में अगर किसी की जान जाती है, तो यह किसी भी हालत में स्वीकार्य नहीं है।




