धनबाद पुलिस ने पश्चिम बंगाल में रविवार को होने वाली आरक्षी भर्ती परीक्षा से पहले एक बड़े नकल syndicate का पर्दाफाश किया है। एंटी-क्राइम चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध स्कॉर्पियो पकड़े जाने से पुलिस को उस नेटवर्क के बारे में सुराग मिला, जो कथित तौर पर अभ्यर्थियों को परीक्षा से पहले पेपर जैसी सामग्री उपलब्ध करा रहा था और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के जरिए मदद पहुंचाने की योजना बना रहा था। पुलिस ने मामले में 22 लोगों को हिरासत में लिया है, जिनमें 14 अभ्यर्थी शामिल हैं। शनिवार को तिसरा थाना क्षेत्र में चेकिंग के समय जब पुलिस ने स्कॉर्पियो को रोका, तो मोबाइल और दस्तावेजों की जांच में यह जानकारी सामने आई कि झरिया के बंधन लॉज में एक गिरोह उम्मीदवारों को कथित रूप से प्रश्नपत्र या संबंधित कंटेंट पढ़ा रहा था। संदेह है कि परीक्षा के दौरान भी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स की मदद से नकल कराने की तैयारी थी।




