झारखण्ड : झामुमो के प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी पर पलटवार करते हुए उन्हें RAW का चीफ बनाने की बात कह दी है. आज उन्होंने कहा देश के NSA अजीत डोभाल हों या CBI, NIA, इंटेलिजेंस और विजिलेंस के प्रमुख – कोई भी यह नहीं बता सकता कि कौन सा DGP या अधिकारी किस अपराधी से कितने पैसों का लेन-देन करता है। लेकिन यह दिव्य ज्ञान केवल बाबूलाल मरांडी के पास है। मानो उन्हें विशेष दृष्टि प्राप्त हो – जैसे महाभारत में संजय को दिव्य दृष्टि प्राप्त थी, वैसे ही कलयुग के संजय बाबूलाल मरांडी हैं। उनकी यह ‘तीसरी आंख’ समय-समय पर खुलती है, खासकर तब जब कोई अधिकारी सेवानिवृत्त होता है।
भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी ने कहा था कि ”अवैध रूप से नियुक्त किए गए डीजीपी अनुराग गुप्ता की नियुक्ति हेमंत सरकार द्वारा कथित तौर पर ‘गिव एंड टेक’ फार्मूले के तहत की गई थी। हेमंत सोरेन को अवैध बालू, कोयला, पत्थर और शराब के काले धन के नेटवर्क को चलाने के लिए अनुराग गुप्ता जैसा वर्दीवाला गुंडा अपराधी चाहिए था।अनुराग गुप्ता अपने कार्यकाल में कई विवादों में रहे हैं, जिनमें मगध विश्वविद्यालय से जुड़ा कथित डिग्री घोटाला भी शामिल है। यह भी आरोप है कि उनका डीजीपी पद तक पहुँचना राजनीतिक संरक्षण और काले धन के समीकरणों का परिणाम था।”




