घाटशिला/मुसाबनी। सीएम हेमंत सोरेन ने आज घाटशिला उपचुनाव के झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रत्याशी सोमेश चंद्र सोरेन के पक्ष में पहली चुनावी सभा मुसाबनी के कुईलीसूता मैदान में की।सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कुछ लोग अपना व्यक्तिगत स्वार्थ साधने के लिए सड़कों पर उतरेंगे। चुनाव व्यक्तिगत स्वार्थ साधने के लिए नहीं है।आपका अधिकार आपके दरवाजे पर पहुंचाने का कार्य कर रही है झारखण्ड मुक्ति मोर्चा की सरकार। इसलिए आप सभी लोगों से आग्रह और निवेदन है कि हम लोगों ने एक नौजवान को यहां प्रत्याशी बनाया है। इस कोरा कागज में जो घाटशिला की जनता लिखेगी, वही उसके पीठ में लिखाएगा। अभी ये कोरा कागज है, बहुत कुछ सीखना है। अभी सिर्फ मैंने कागज तैयार किया है जिस पर शुरू से अंत तक लिखेंगे।यह आने वाली पीढ़ी के लिए तैयार होगा। ये आपकी सेवा में 24 घंटे आपके बीच रहेगा।इसलिए आप सभी से अपील है कि जैसा स्नेह आपने विगत चुनाव में स्व रामदास दा को दिया था वैसा ही प्यार और आशीर्वाद सोमेश को भी दीजियेगा।आप सभी को पता है कि झामुमो का कर्तव्य और हम लोगों का दायित्व क्या है। यह व्यापारियों की पार्टी नहीं है। यह व्यापारियों की जमात नहीं है। यह आदिवासी, दलित, पिछड़ा, गरीब, गुरबा, यहां के मूलवासियों की पार्टी है। एक तरफ व्यापारियों की जमात है और दूसरी तरफ गरीब-गुरबा-आदिवासी-मूलवासी। यही लड़ाई पूरे देश में चल रही है।ये लोग आदिवासी, दलित, पिछड़ा को लगातार पीछे धकेलने में लगे हैं। यह लोग कुछ देने वाले नहीं, लेने वाले लोग हैं। जब इन्हें जरूरत पड़ेगी ये आपका पैर पकड़ लेंगे और जब काम निकल जाएगा तो सीधा आपकी गर्दन पकड़ लेंगे। इसलिए ध्यान रखिएगा।




