झारखण्ड : ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे की अध्यक्षता में आज जेएसएलपीएस की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। झारखंड विधानसभा में बजट सत्र के दौरान, झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) की सीईओ श्रीमती कंचन सिंह की उपस्थिति में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस दौरान JSLPS द्वारा संचालित महत्वपूर्ण परियोजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और आगामी वर्ष की कार्ययोजना को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।बैठक के दौरान जेएसएलपीएस के तहत संचालित सभी परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तृत चर्चा हुई। मंत्री ने राज्य के वंचित परिवारों को सखी मंडल में जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने यह भी कहा कि ग्रामीण परिवारों को न केवल स्वरोज़गार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं, बल्कि उनके लिए रोज़गार के अन्य साधनों पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।इसके साथ ही, उन्होंने दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना (DDU-GKY) के तहत प्रशिक्षित अभ्यर्थियों की ट्रैकिंग और प्रभावी मोबिलाइजेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मंत्री ने DDU-GKY के तहत प्लेसमेंट प्राप्त अभ्यर्थियों के लिए अगले माह एलुमनाई मीट आयोजित करने का भी निर्देश दिया।इस आयोजन का उद्देश्य अभ्यर्थियों को प्रेरित और उत्साहित करना है, ताकि वे भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन कर सकें।मंत्री ने पलाश ब्रांड के उत्पादों की उच्च स्तरीय ब्रांडिंग और पैकेजिंग सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि इन्हें बड़े बाज़ारों में प्रतिस्पर्धात्मक रूप से स्थापित किया जा सके। साथ ही पलाश मार्ट के निर्माण कार्य को तेज़ी से पूरा करने का निर्देश दिया।उन्होंने झारखंड के कुशल कारीगरों की प्रतिभा को तलाशते हुए अधिक उत्पादों को पलाश ब्रांड के तहत शामिल करने के भी निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि ग्रामीण समुदाय का विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है, और इसके लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सभी योजनाओं और परियोजनाओं की प्रगति की वह नियमित रूप से समीक्षा करेंगी।बैठक में सीईओ-जेएसएलपीएस श्रीमती कंचन सिंह सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।



