रांची : गांधी जयंती के पावन अवसर पर रांची स्थित बापू वाटिका में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की प्रतिमा पर राज्यपाल संतोष गंगवार एवं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर उन्हें सादर नमन करते हुए सीएम हेमंत सोरेन ने कहा, “बापू ने सत्य और अहिंसा के रास्ते पर चलते हुए देश को स्वतंत्रता का मार्ग दिखाया और दुनिया को मानवता, शांति और सह-अस्तित्व का संदेश दिया।आज जब समाज में विभाजन की कोशिशें दिखाई देती हैं, तब बापू का सत्य, अहिंसा, निर्भीकता, सद्भाव और सर्वजन हित का संदेश हमें और मजबूती देता है।बापू का सपना ऐसे देश का था, जहां आखिरी व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचे, गरीब और वंचित को सम्मान मिले, गांव सशक्त हों और प्रकृति के साथ संतुलन बना रहे।आइए, गांधी जयंती के अवसर पर हम उनके विचारों को केवल स्मरण करने तक सीमित न रखें, बल्कि सामाजिक न्याय, समानता, भाईचारे और जनकल्याण के लिए अपने संकल्प को और मजबूत करें।”




