नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराये प्रशासन : कोल्हान आयुक्त

0

चाईबासा: प्रमंडलीय आयुक्त, सिंहभूम, मनोज कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को पश्चिमी सिंहभूम जिले के सभागार में प्रमंडल में संचालित विकास कार्यों एवं योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गयी.बैठक में आयुक्त ने पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में संचालित विकास कार्यों और योजनाओं की समीक्षा की और इसकी अद्यतन रिपोर्ट के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की.पिछली बैठक में आयुक्त द्वारा दिये गये निर्देशों के अनुपालन की अद्यतन स्थिति की भी अधिकारियों के साथ समीक्षा की गयी.आयुक्त ने विद्युत आपूर्ति प्रमंडल सरायकेला को सुचारू विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा किसी भी समस्या का त्वरित समाधान करने का निर्देश दिया.विभागीय अधिकारियों से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में किये जा रहे विकास कार्यों की भी जानकारी ली गयी.कमिश्नर मनोज कुमार ने कहा कि नक्सल प्रभावित इलाकों में प्रशासन और पुलिस आपसी समन्वय स्थापित कर लोगों को बुनियादी सुविधाएं मुहैया करायें और सुदूरवर्ती इलाकों के ग्रामीणों को मुख्यधारा से जोड़ने का काम करें.बैठक में प्रमंडलीय आयुक्त द्वारा विशेषकर प्रमंडल के सुदूरवर्ती क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पेयजल एवं मोबाइल कनेक्टिविटी पर विशेष जोर दिया गया.उन्होंने कहा कि योजनाओं को जमीन पर उतारने के लिए अधिकारियों को जमीनी स्तर पर काम करने की जरूरत है. अधिकारी स्वयं स्थल पर जाकर संबंधित योजनाओं पर कार्य करें।आयुक्त द्वारा समाज को नशामुक्त बनाने एवं डायन-बिसाही से बचने के लिए भी विशेष निर्देश दिये गये.उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों को नशा मुक्त बनाने के लिए विशेष रूप से निगरानी करने का निर्देश दिया।जिले के सुदूरवर्ती क्षेत्रों में रहने वाले आम लोगों के लिए जन सहायता कोषांग का गठन किया गया है, जो अपनी समस्याओं के लिए जिला मुख्यालय नहीं आ सकते हैं, वे किसी भी प्रकार की शिकायत के लिए जन सहायता कोषांग से संपर्क कर सकते हैं.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here