रांची : JSSC CGL परीक्षा के कारण झारखंड में इंटरनेट बैन के खिलाफ हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की गयी है। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने राज्य सरकार से पूछा कि इंटरनेट बंद करने के लिए क्या पॉलिसी है? क्या सभी परीक्षाओं में इंटरनेट बंद रहेगा? कोर्ट ने इस मामले में राज्य सरकार को 4 सप्ताह में एफिडेविट के जरिए जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है।बता दें कि प्रार्थी ने कोर्ट में कहा कि इंटरनेट बंद किये जाने से रोजमर्रा के कई कार्य प्रभावित हो रहे हैं। जबकि राज्य सरकार की तरफ से दलील पेश की गयी कि परीक्षा में किसी तरह की गड़बड़ी ना हो, इसलिए सिर्फ मोबाइल का इंटरनेट बंद किया गया है। बाकि इंटरनेट की सुविधाएं पहले जैसी ही हैं। मालूम हो कि जेएसएससी परीक्षाओं को लेकर झारखंड में आज (21 सितंबर) सुबह 8 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक इंटरनेट सेवाएं बंद रखने का निर्देश दिया गया था। 22 सितंबर को भी इसी समय पर ये नियम लागू रहेगा।




