सोनिया गांधी ने दिवगंत कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी की पत्नी कमलजीत को पत्र लिखा है। उन्होंने पत्र में लिखा ”कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और आपके पति श्री संतोख सिंह चौधरी जी के कांग्रेस की ऐतिहासिक भारत जोड़ो यात्रा के दौरान हृदयाघात से आकस्मिक निधन का समाचार पाकर मुझे बहुत अफसोस हुआ मैं समझ सकती हूं कि परिवार के अन्य सदस्यों के साथ-साथ खास तौर से आपके लिए अनेक दशकों के दाम्पत्य जीवन में साथ रहने के बाद इस आयु में अचानक जीवन साथी का बिछुड़ जाना कितना कष्टदायक है। फिर भी नियति के विधान को स्वीकार करना पड़ता है और सहना पड़ता है। मुझे विश्वास है कि इस पीड़ा को आप इसी दृष्टि से झेलने का प्रयास करेंगी। वे कांग्रेस की विचारधारा के प्रति समर्पित और निष्ठावान रहे, जीवन भर कांग्रेस के सिद्धांतो और आदर्शों पर चलते हुए पार्टी और समाज-सेवा की। उनका निधन एक अपूर्णीय क्षति है। इन पीड़ा के क्षणों में मैं आपके और पूरे परिवार के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करती हूं।”
बता दें कि कांग्रेस महासचिव एवं सांसद जयराम रमेश ने प्रेस कांफ्रेंस करके कहा है कि जालंधर से कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी के सम्मान में भारत जोड़ो यात्रा 24 घंटे के लिए स्थगित रहेगी, जिनका आज सुबह निधन हो गया। यात्रा कल दोपहर खालसा कॉलेज ग्राउंड, जालंधर से फिर शुरू होगी।सोनिया गांधी के पत्र लिखने से पहले उनके बेटे और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने ट्वीट कर शोक व्यक्त किया”श्री संतोख सिंह चौधरी जी के अकस्मात निधन से स्तब्ध हूं।वो ज़मीन से जुड़े परिश्रमी नेता, एक नेक इंसान और कांग्रेस परिवार के मज़बूत स्तम्भ थे, जिन्होंने युवा कांग्रेस से सांसद तक अपना जीवन जनसेवा को समर्पित किया।शोकसंतप्त परिवार को अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।”




