रांची : हिमालय से भी पुरानी पहाड़ी मंदिर का संरक्षण हो, इसे अतिक्रमण मुक्त कराया जाए। मजबूत घेराबंदी हो ताकि पहाड़ी को लंबे समय तक सुरक्षित रखा जा सके, इसके लिए सांसद संजय सेठ ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखा है। उन्होंने पत्र में लिखा ”वर्तमान समय में इस पहाड़ी की स्थिति बहुत जर्जर हो चुकी है। झारखंड के प्रसिद्ध पर्यावरणविद नीतिश प्रियदर्शी ने कई बार इस मुद्दे पर रिपोर्ट की है। उन्होंने बताया है, कि यह पहाड़ी हिमालय से भी पुरानी है और भुरभुरी मिट्टी की है। हमेशा यह आशंका बनी रहती है, कि यह कभी भी धंस सकती है। वर्तमान समय में इस पहाड़ी के चारों तरफ अवैध रूप से अतिक्रमण किया जा रहा है, जो इस स्थल की पवित्रता के साथ भी खिलवाड़ है। इस ऐतिहासिक धरोहर पर भी इससे खतरा है। इतने बड़े धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व वाले स्थान को अब संरक्षण और संवर्धन की जरूरत है। ताकि इसकी ऐतिहासिकता, सांस्कृतिक छवि और आस्था सब कुछ बरकरार रह सके। इसके साथ ही पहाड़ी मंदिर कॉरिडोर बनाने की पहल भी होनी चाहिए। अतः अनुरोध है, कि पहाड़ी के चारों तरफ से अतिक्रमण हटाया जाए। पतरातु घाटी क्षेत्र की तर्ज पर मजबूत घेराबंदी सुनिश्चित की जाए। इसे लोहे की जाल से या बाड़ा लगाकर मजबूती से बांधा जाए ताकि इसके धंसने का खतरा कम हो सके। पहाड़ी सुरक्षित हो सके। हमारी आस्था और ऐतिहासिकता की यह धरोहर राष्ट्रीय महत्व का स्थल बन सके, इस दिशा में आवश्यक कदम उठाते हुए कार्यवाही की जाए, यह अनुरोध है।”