रांची। गणपति पूजा के मद्देनजर कल देर शाम डीसी मंजुनाथ भजंत्री द्वारा रांची शहर के विभिन्न गणपति पूजा पंडालों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान पंडालों में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए की गई व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया गया। साथ ही पूजा के दौरान शहर में विधि-व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।निरीक्षण के दौरान अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था), रांची धनंजय तथा अनुमंडल पदाधिकारी, सदर रांची कुमार रजत सहित संबंधित थाना के थाना प्रभारी और शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे। शांति समिति की ओर से जय सिंह यादव, सागर कुमार, नंद किशोर चंदेल, मयंक गिरी एवं बिट्टू सिंह भी उपस्थित थे।अधिकारियों ने पूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण समेत अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। संबंधित अधिकारियों को पूजा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने के लिए सतर्कता बरतने और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।इस दौरान पंडाल संचालकों एवं शांति समिति के सदस्यों से प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखने तथा पूजा के दौरान अपेक्षित सहयोग प्रदान करने की अपील की गई। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुविधा और शहर में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने को प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने पर जोर दिया।




