रांची: जनता दरबार में राजस्व मामलों में मिली शिकायत, कई अधिकारियों को डीसी ने दिया शोकॉज निर्देश

0
Ranchi DC

रांची: रांची समाहरणालय में आयोजित साप्ताहिक जनता दरबार में उपायुक्त ने जिले के विभिन्न प्रखंडों और अंचलों से पहुंचे लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और कई मामलों में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। राजस्व मामलों में लापरवाही, भ्रष्टाचार की शिकायतों और अनावश्यक विलंब को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शोकॉज करने का निर्देश दिया गया।जनता दरबार में भूमि विवाद, म्यूटेशन, पंजी-2 सुधार, सामाजिक सुरक्षा योजनाएं, चिकित्सा सहायता, राशन कार्ड, अबुआ आवास योजना सहित विभिन्न विषयों से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए। ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे।

सोनाहातू अंचल के कालीपद महतो ने न्यायालय और भूमि सुधार, बुंडू से अनुमति मिलने के बावजूद म्यूटेशन नहीं होने की शिकायत की। इस पर उपायुक्त ने सोनाहातू अंचलाधिकारी को शोकॉज करने और नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।सोनाहातू अंचल के राजस्वकर्मी सह प्रभारी अंचल निरीक्षक वंकीम चंद्र गांगुली के खिलाफ पंजी-2 सुधार नहीं करने की शिकायत पर भी कड़ा रुख अपनाया गया। संबंधित राजस्वकर्मी को शोकॉज जारी करने और मामले की विस्तृत जांच कराने का निर्देश दिया गया।

तमाड़ के एक आवेदक ने सभी आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध होने के बावजूद राजस्व कार्य लंबित रहने और अंचल निरीक्षक व कर्मचारियों द्वारा कार्य नहीं करने की शिकायत की। उपायुक्त ने संबंधित अंचल निरीक्षक एवं कर्मचारी को शोकॉज करने तथा जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।ईटकी के एक ग्रामीण ने आरोप लगाया कि अपर बाजार स्थित काली बाबू स्ट्रीट निवासी व्यक्ति ने धोखे से उनकी पुश्तैनी जमीन पर कब्जा कर लिया है। शिकायत के अनुसार जमीन गिरवी रखने के बाद उसे अपनी पत्नी के नाम करने का प्रयास किया जा रहा है। उपायुक्त ने मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

चान्हो प्रखंड के बयासी गांव से पहुंचे ग्रामीणों ने आपसी भूमि विवाद की शिकायत की। इस पर संबंधित अंचलाधिकारी को ग्रामसभा आयोजित कर आपसी सहमति और नियमानुसार विवाद का समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।जनता दरबार में सरजू कुमार ने एम्स, नई दिल्ली में इलाजरत अपने बच्चे के उपचार के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। उपायुक्त ने तत्काल सिविल सर्जन से समन्वय कर हरसंभव चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

राहे प्रखंड के सनी देओल ने स्वेच्छा से अपना गुलाबी राशन कार्ड सरेंडर करने के लिए आवेदन दिया। इस अवसर पर उपायुक्त ने जिले के सभी अपात्र राशन कार्डधारियों से अपील की कि वे स्वेच्छा से अपना राशन कार्ड सरेंडर करें, ताकि जरूरतमंद परिवारों को योजनाओं का लाभ मिल सके।जनता दरबार में पंजी-2 सुधार और अबुआ आवास योजना से जुड़े कई आवेदन भी प्राप्त हुए, जिनके त्वरित एवं समयबद्ध निष्पादन के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

एक दंपति अपने ऑटिज्म से पीड़ित बच्चे की शिक्षा और देखभाल के लिए सहायता मांगने जनता दरबार पहुंचे। उपायुक्त ने जिला शिक्षा अधीक्षक और समाज कल्याण पदाधिकारी को बच्चे को संस्थागत शिक्षा से जोड़ने तथा परिवार को उपलब्ध सरकारी योजनाओं और विशेषज्ञ संस्थानों से जोड़ने के निर्देश दिए।जनता दरबार के अंत में उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि आम नागरिकों के कार्यों में अनावश्यक विलंब, लापरवाही, भ्रष्टाचार या नियमों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को पारदर्शिता, जवाबदेही और संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here