रांची: राजधानी के अशोक नगर रोड नंबर-6 स्थित व्यवसायी एवं त्रिवेणी ग्रुप के बिल्डर अखिलेश पांडेय के आवास में चोरों ने देर रात लाखों रुपये की नकदी और कीमती सामान की चोरी कर ली। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चोर पाइप के सहारे घर में दाखिल हुए और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। चोरी गई नकदी और आभूषणों का मूल्यांकन पुलिस और पीड़ित परिवार द्वारा किया जा रहा है।इसी दौरान पास में रहने वाले बिल्डर निशीत केसरी के घर में भी चोरी का प्रयास किया गया। घर के अंदर आहट होने पर मकान मालिक ने अपने सुरक्षाकर्मी को बुलाया। सुरक्षाकर्मी राइफल लेकर बाहर निकला, तभी संदिग्धों को रोकने या डराने के प्रयास के दौरान राइफल से अचानक गोली चल गई, जो सुरक्षाकर्मी को ही लग गई। गोली लगने से वह घायल हो गया।गोली चलने की आवाज सुनकर संदिग्ध मौके से फरार हो गए। घायल सुरक्षाकर्मी का इलाज जारी है। पुलिस दोनों घटनाओं की जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान में जुटी है।




