झारखंड में कांग्रेस नेता और राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू के आवास से बड़ी मात्रा में नकदी जब्त की गई है। कांग्रेस के राज्यसभा सांसद धीरज साहू और उनके करीबियों के ठिकानों पर आयकर विभाग की छापेमारी में 200 करोड़ रुपये कैश से ज्यादा बरामद किए जा चुके हैं। झारखंड और ओडिशा में बौध डिस्टिलरीज के परिसरों पर आयकर विभाग की छापेमारी तीसरे दिन भी जारी है। नोटों की गिनती अभी भी जारी है. मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए पीएम मोदी ने हंसी के तीन इमोजी के साथ ट्वीट किया ”देशवासी इन नोटों के ढेर को देखें और फिर इनके नेताओं के ईमानदारी के ‘भाषणों’ को सुनें… जनता से जो लूटा है, उसकी पाई-पाई लौटानी पड़ेगी, यह मोदी की गारंटी है। बुधवार (6 दिसंबर) को रांची और लोहरदगा स्थित आवास समेत पांच स्थानों पर तलाशी ली गई।रांची में रेडियम रोड स्थित सुशीला निकेतन आवास के अलावा ओडिशा के बलांगीर, संबलपुर और कालाहांडी में भी एक-एक ठिकाने पर छापेमारी की गयी.आयकर विभाग की टीम ने लोहरदगा स्थित आवास पर भी दस्तावेजों की जांच की. इस ऑपरेशन के दौरान किसी को भी परिसर में प्रवेश की इजाजत नहीं थी और आईटी टीम सुबह से देर रात तक काम करती रही.झारखंड के लोहरदगा के रहने वाले धीरज साहू पुराने कांग्रेस नेता हैं, जिन्होंने 1977 में एक छात्र नेता के रूप में अपना राजनीतिक करियर शुरू किया था। वह तीसरी बार राज्यसभा सांसद के रूप में कार्यरत हैं।



