पलामू जिले में पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना पर पांकी और मनातू थाना के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी अभियान चलाया गया। जानकारी मिली थी कि ये उग्रवादी कारीमाटी जंगल के आसपास अवैध हथियारों के साथ मौजूद हैं और आगामी विधानसभा चुनाव को प्रभावित करने, ठेकेदारों से लेवी वसूलने तथा संगठन का विस्तार करने की योजना बना रहे हैं।सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक ने एक ऑपरेशन प्लान बनाते हुए पांकी और मनातू थाना के पुलिस अधिकारियों की एक संयुक्त टीम गठित की और उन्हें कारीमाटी जंगल में घेराबंदी करने के निर्देश दिए। अभियान के दौरान, पुलिस दल ने जंगल में सखुआ के पेड़ के नीचे तीन संदिग्धों को देखा जो आपस में बातचीत कर रहे थे। पुलिस टीम के नजदीक आते ही वे भागने लगे, लेकिन पुलिस बल की सूझबूझ और तेजी के कारण तीनों को पकड़ लिया गया।
पकड़े गए उग्रवादियों की पहचान:
- श्रवण उराँव उर्फ हेमंत उर्फ अभय कुमार, उम्र: 26 वर्ष, पता: ग्राम कठौतिया, इस्लाम नगर, थाना सदर, जिला चतरा, झारखंड
- प्रेम गंझू उर्फ सागर उर्फ दशरथ गंझू, उम्र: 24 वर्ष, पता: ग्राम मासियातु ढिपका टोली, पोस्ट होलंग, थाना बालूमाथ, जिला लातेहार, झारखंड।
- शतु कुमार उर्फ शैलेन्द्र जी, पिता: भवानी गंझू, पता: ग्राम बलही, थाना कुन्दा, जिला चतरा, झारखंड
तीनों अभियुक्तों ने टीएसपीसी के आक्रमण गंझू दस्ते के सक्रिय सदस्य होने की बात स्वीकार की है। उनके पास से अवैध हथियार, गोली, मोबाइल फोन, और नक्सली पर्चे बरामद हुए।
जप्त सामान की सूची:
- एक AK-47 राइफल, एक खोखा और 7.62 मिमी की 79 जीवित गोलियां।
- एक देशी कट्टा।
- एक देशी पिस्टल और 7.65 मिमी की चार जीवित गोलियां।
- दो टच स्क्रीन मोबाइल फोन।
- टीएसपीसी संगठन के दो नक्सली पर्चे।




