रांची :झारखण्ड में हीटवेव का कहर जारी है. सबसे ज्यादा गर्मी डाल्टनगंज में रिकॉर्ड की गई, जहां पारा 42.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया.राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से थोड़ा अधिक है. वहीं जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री,बोकारो में 38.2 डिग्री और चाईबासा में 37.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया. मौसम केंद्र ने चेतावनी दी है कि 19 अप्रैल से राज्य के उत्तर-पश्चिमी जिलों जैसे पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में कहीं-कहीं लू चलने की संभावना है. 20 अप्रैल को इन चार जिलों के अलावा पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला के कुछ हिस्सों में लू चलने की संभावना जताई गई है.19 अप्रैल से लेकर 23 अप्रैल तक झारखंड में मौसम साफ और शुष्क रहने का अनुमान है.





