रांची: शनिवार को हुई रांची नगर निगम बोर्ड की बैठक में सांसद संजय सेठ ने स्ट्रीट वेंडर्स के हितों की रक्षा और उनकी आजीविका को सुरक्षित बनाने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्पष्ट सोच है कि स्ट्रीट वेंडर्स देश की अर्थव्यवस्था के मजबूत स्तंभ हैं और उनके सम्मान, आजीविका तथा सुविधाओं की रक्षा करना सभी की जिम्मेदारी है।बैठक में संजय सेठ ने दो महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे। पहला प्रस्ताव मोराबादी में वर्षों से प्रत्येक बुधवार और शनिवार को लगने वाले पारंपरिक सब्जी बाजार को यथावत बनाए रखने का था। उन्होंने कहा कि यह बाजार आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले किसानों और छोटे विक्रेताओं की आजीविका का प्रमुख माध्यम है। ऐसे में इसे हटाने के बजाय वर्तमान व्यवस्था को जारी रखा जाए और किसानों व छोटे व्यापारियों को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए।
दूसरे प्रस्ताव में उन्होंने ओटीसी ग्राउंड से पंडरा की ओर सड़क किनारे व्यवसाय करने वाले स्ट्रीट वेंडर्स के लिए स्थायी वेंडिंग ज़ोन विकसित करने की मांग की। उन्होंने सुझाव दिया कि पंडरा थाना के सामने उपलब्ध सरकारी भूमि को चिन्हित कर वहां सुव्यवस्थित वेंडिंग ज़ोन बनाया जाए, जहां पेवर्स ब्लॉक, शौचालय, पेयजल, श्रमिकों के लिए शेड और अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही उन्होंने इस कार्य को 15 दिनों के भीतर प्रारंभ करने का आग्रह भी किया।संजय सेठ ने बताया कि उनके दोनों प्रस्तावों पर नगर निगम अधिकारियों ने सकारात्मक सहमति व्यक्त की है। उन्होंने विश्वास जताया कि नगर निगम स्ट्रीट वेंडर्स के हितों की रक्षा करते हुए उनकी आजीविका को सुरक्षित, व्यवस्थित और सम्मानजनक बनाने की दिशा में गंभीरता से कार्य करेगा।




