रांची: मौसम विभाग के अनुसार राजधानी रांची में अगले 24 घंटे में बारिश की संभावना है. आने वाले दिनों में झारखंड के आसमान पर मानसूनी बादल छाये रहेंगे. अगले 24 घंटों के दौरान रांची में रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है.बारिश के आंकड़ों के मुताबिक, रांची में अब तक 135.6 मिमी बारिश हो चुकी है. मौसम विभाग, रांची के अनुसार अगले सप्ताह से राज्य में मानसून मजबूत स्थिति में रहेगा. इस दौरान भारी बारिश होने का अनुमान लगाया गया है. यह बारिश खेती के लिए अच्छी होगी.आंकड़ों के मुताबिक, राज्य में मानसून सीजन के दौरान सामान्य से 38 फीसदी कम बारिश हुई है. मौसम विज्ञान केंद्र रांची के मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के मुताबिक पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में मानसून सामान्य रहा. बोकारो समेत राज्य के विभिन्न जिलों में बारिश हुई.आने वाले दिनों में मॉनसून में और सुधार होने की संभावना है। राज्य के संताल परगना में अच्छी बारिश हुई है. साहिबगंज और गोड्डा में मॉनसून की भारी बारिश हुई है. गढ़वा में अधिक और पलामू में सामान्य बारिश हो रही है.इसके अलावा देवघर, दुमका, सिमडेगा में भी बारिश सामान्य के करीब है. इन जिलों में वर्षा की कमी का प्रतिशत 20 प्रतिशत से नीचे है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में कई स्थानों पर बारिश हुई. सबसे अधिक बारिश बोकारो में 95.0 मिमी हुई.धनबाद, हजारीबाग, गुमला, पलामू, रामगढ़, रांची, गिरिडीह, गढ़वा जिलों में अच्छी बारिश हुई. मौसम विभाग के मुताबिक, इस सीजन में राज्य में सामान्य औसत 236.1 मिमी के मुकाबले 147.2 मिमी बारिश हुई है. मौसम विभाग के मुताबिक 7 और 8 तारीख को कई जगहों पर बारिश होगी.दक्षिणी हिस्से में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. 9 और 10 जुलाई को राज्य के हर हिस्से में बारिश की संभावना है.



