चतरा:झारखंड के चतरा जिले में पुलिस की मौजूदगी में एक महिला सीओ द्वारा युवकों के सिर पर डंडे से प्रहार किए जाने की घटना को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। इस मामले पर भाजपा नेता बाबुलाल मरांडी ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए इसे बेहद चिंताजनक और दुर्भाग्यपूर्ण बताया है।मरांडी ने कहा कि प्रशासनिक पद पर बैठे किसी भी अधिकारी से संयम, संवेदनशीलता और कानूनसम्मत आचरण की अपेक्षा की जाती है। उन्होंने कहा कि कानून लागू कराने का दायित्व जिन अधिकारियों के कंधों पर होता है, यदि वही कानून हाथ में लेने लगें तो यह व्यवस्था की मूल भावना पर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।
मरांडी ने यह भी कहा कि यदि संबंधित युवकों से कोई गलती हुई भी थी, तो उसके लिए विधि सम्मत कार्रवाई के प्रावधान मौजूद हैं। बीच सड़क इस तरह सार्वजनिक रूप से प्रताड़ित करना न तो न्यायसंगत है और न ही प्रशासनिक मर्यादा के अनुरूप है।मरांडी के अनुसार ऐसी घटनाएं समाज में गलत संदेश देती हैं और प्रशासन की विश्वसनीयता को भी प्रभावित करती हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कराने की मांग की है।भाजपा नेता ने चतरा के उपायुक्त से संबंधित सीओ को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने तथा उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है। इस घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर भी चर्चा तेज हो गई है।




