बिहार में एनडीए में टूट करीब तय मानी जा रही है। आज लोक जनशक्ति पार्टी अलग चुनाव लड़ने का ऐलान कर सकती है। लोजपा के संसदीय बोर्ड की बैठक आज शाम को होनी है। बताया जा रहा है कि पार्टी करीब 143 सीटों पर उम्मीदवार उतारने का ऐलान कर सकती है। पहली सूची में 56 उम्मीदवारों का नाम हो सकता है। लोजपा का अलग होना बिहार में एनडीए के लिए बड़ा झटका हो सकता है। भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा से चिराग पासवान पांच बार मिल चुके हैं, लेकिन बात नहीं बनी।मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भाजपा, लोजपा को केवल 15 सीटें देना चाहती है, जबकि लोजपा 42 सीटें मांग रही है। जदयू पहले कह चुकी है कि उसका लोजपा से गठबंधन नहीं, भाजपा अपने हिस्से से लोजपा को सीट दे सकती है। वहीं दूसरी तरफ जदयू और भाजपा के बीच भी खटपट जारी है। जदयू, भाजपा से ज्यादा सीटों पर लड़ना चाहती है। दोनों दलों में अभी तक सहमति नहीं बन सकी है। बताया जा रहा है कि गठबंधन टूटने पर लोजपा, भाजाप के खिलाफ उम्मीदवार नहीं उतारेगी। लोजपा-भाजपा के गठबंधन के साथ चुनावी मैदान में उतरने की पार्टी की योजना है। खबर यह भी है कि लोजपा मोदी, रामविलास और चिराग के नाम पर चुनाव लड़ेगी। साथ ही पार्टी जदयू के खिलाफ उम्मीदवार उतारेगी । इस चलते जदयू भाजपा के बीच इसे लेकर विवाद हो सकता है। वहीं केंद्र में लोजपा भाजपा गठबंधन जारी रहेगा। पासवान मंत्री बने रहेंगे। गठबंधन टूटा तो अंदरखाने लोजपा का नारा होगा – मोदी से कोई बैर नहीं, नीतीश तेरी ख़ैर नहीं। ranjana pandey



