झारखण्ड :राज्य के मौसम में लगातार बदलाव देखा जा रहा है।रांची समेत राज्य के कई हिस्सों अगले दो-तीन दिनों में बारिश की संभावना है। 5 और 6 फरवरी को राज्य के दक्षिणी, मध्य और उत्तर पूर्वी भागों में हल्के दर्जे की बारिश कि संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 5 फरवरी को राज्य के उत्तर पूर्वी हिस्से यानी देवघर, दुमका, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, गिरिडीह व साहिबगंज में जबकि 6 फरवरी को राज्य के दक्षिणी हिस्से यानी पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला खरसावां में और निकटवर्ती मध्य हिस्से यानी रांची, रामगढ़, हजारीबाग, बोकारो, गुमला, खूंटी में बारिश होने की संभावना है।7 फरवरी को सुबह में कोहरे या धुंध के बाद आंशिक बादल छाए रहेंगे। वहीं 8 और 9 फरवरी को सुबह में कोहरा या धुंध के बाद आसमान साफ रहने वाला है।पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो राज्य का मौसम शुष्क देखा गया। दक्षिणी हिस्से में कोहरे का असर देखा गया। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस जमशेदपुर का जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस गढ़वा का रिकार्ड किया गया। वहीं राजधानी के मौसम की बात करें तो अधिकतम तापमान 24.3 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।



