झारखंड: अब राज्य के दूसरे जिलों के मरीजों को छोटी-बड़ी सर्जरी के लिए राजधानी के चक्कर काटने की जरूरत नहीं पड़ेगी क्योंकि हेमंत सरकार ने 35.70 करोड़ की मंजूरी दे दी है ताकि राज्य के 5 मेडिकल कॉलेज और सभी जिलों में मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर (ओटी) बन सके। वर्तमान में रांची के रिम्स और सदर अस्पताल में मॉड्यूलर ओटी की सुविधा उपलब्ध है। इसके अलावा, धनबाद और जमशेदपुर के सुपरस्पेशलिटी विंग में भी यह सुविधा मौजूद है। रिम्स में हर महीने होने वाली सर्जरी में से लगभग 70% मरीज दूसरे जिलों से रेफऱ होकर आते हैं। मॉड्यूलर ओटी बनने के बाद इन मरीजों को अपने जिले में ही ऑपरेशन की सुविधा मिल सकेगी। राज्य के पांचों मेडिकल कॉलेज (धनबाद, जमशेदपुर, दुमका, पलामू और हजारीबाग) और सभी सदर अस्पतालों में मॉड्यूलर ओटी के निर्माण होगा। स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने इस योजना को मंजूरी दे दी है।




