रांची के एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने होली को लेकर शनिवार को केंद्रीय शांति समिति के साथ बैठक की. बैठक में एसडीओ उत्कर्ष कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद थे.उन्होंने होली सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में मनाने,अफवाहों से दूर रहने और इसकी जानकारी पुलिस-प्रशासन को देने कि अपील की. होली के दौरान राज्य में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस मुख्यालय के स्तर से तैयारी पूरी कर ली गयी है. 8000 अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है.पिस्का मोड़, मोरहाबादी मैदान, डोरंडा थाना, एकरा मस्जिद, कांके चौक, बुंडू और जिला नियंत्रण कक्ष में दो अग्निशमन वाहन रखने का निर्देश दिया.इसके अलावा सिविल सर्जन को चिकित्सा व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा गया.पुलिस मुख्यालय की तरफ से राज्य के सभी जिलों में करीब आठ हजार अतिरिक्त फोर्स की तैनाती की गयी है.सभी जिलों के एसपी को सुरक्षा व्यवस्था के लिए अलर्ट कर दिया गया है. वहीं किसी प्रकार की गंभीर घटना की सूचना पुलिस मुख्यालय कंट्रोल रूम को देने को कहा गया है.रांची, जमशेदपुर, हजारीबाग, गिरिडीह और लोहरदगा में वहां की संवेदनशीलता को देखते हुए सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की गयी है. इन पांच जिलों में एक-एक कंपनी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) को तैनात किया गया है.रांची, जमशेदपुर और हजारीबाग में एक-एक कंपनी रैप की तैनाती और अश्रु गैस दस्ता को लगाया गया है.




