रांची: असम में आई विनाशकारी बाढ़ से प्रभावित लोगों के प्रति एकजुटता और मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए झारखंड सरकार ने असम के मुख्यमंत्री राहत कोष में ₹3 करोड़ की सहायता राशि प्रदान करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि संकट की इस घड़ी में झारखंड सरकार और राज्य की जनता असम के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने संदेश में कहा कि असम में आई भीषण बाढ़ से उत्पन्न गंभीर संकट और इस आपदा में हुई जन-धन की अपूरणीय क्षति से वे अत्यंत व्यथित हैं। उन्होंने झारखंड की जनता की ओर से बाढ़ प्रभावित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उनके दुख में सहभागी होने की बात कही।उन्होंने कहा कि राहत एवं पुनर्वास कार्यों में सहयोग की भावना से झारखंड सरकार ने असम के मुख्यमंत्री राहत कोष में ₹3 करोड़ की सहायता राशि का योगदान दिया है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से असम जल्द ही इस प्राकृतिक आपदा से उबरकर सामान्य जनजीवन की ओर लौटेगा।
मुख्यमंत्री ने झारखंड के सभी सक्षम नागरिकों, सामाजिक संगठनों और संस्थाओं से भी अपील की कि वे अपनी क्षमता के अनुसार आगे बढ़कर असम के बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता करें। उन्होंने कहा कि कठिन समय में एक-दूसरे का साथ देना ही हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।अपने संदेश के अंत में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने असम के लोगों के धैर्य, साहस और सेवा-भाव को नमन करते हुए माँ कामाख्या से राज्य के शीघ्र आपदा से उबरने की प्रार्थना की। उन्होंने आश्वस्त किया कि आवश्यकता पड़ने पर झारखंड सरकार हर संभव सहयोग के लिए सदैव तत्पर रहेगी।


