काबुल: भारत की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बुधवार (1 फरवरी) को देश का आम बजट पेश किया. इसमें उन्होंने मध्यम वर्ग के लोगों को कई राहतें दीं। बहरहाल, एक तरफ जहां भारत में विपक्षी पार्टियां बजट को जीरो बता रही हैं, वहीं दूसरी तरफ देश के बाहर इस बजट की तारीफ हो रही है.अफगानिस्तान पर शासन करने वाले कट्टरपंथी संगठन तालिबान ने गुरुवार (2 फरवरी) को भारत के केंद्रीय बजट 2023-2024 का स्वागत किया।
तालिबान ने कहा है कि अफगानिस्तान को भारत की सहायता की घोषणा से दोनों देशों के बीच संबंधों और विश्वास को सुधारने में मदद मिलेगी। खामा प्रेस ने यह जानकारी दी है। तालिबान का बयान वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा केंद्रीय बजट में अफगानिस्तान के लिए $25 मिलियन के विकास सहायता पैकेज के प्रस्ताव के बाद आया है। भारत ने अफगानिस्तान के विकास के लिए 200 करोड़ रुपये देने का वादा किया है. अफगानिस्तान पर कब्जा करने के बाद भारत से तालिबान को समर्थन का यह दूसरा साल है।
भारत के बजट का स्वागत करते हुए तालिबान के वार्ता समूह के पूर्व सदस्य सुहैल शाहीन ने कहा है कि हम अफगानिस्तान के विकास के लिए भारत के समर्थन की सराहना करते हैं. इससे दोनों देशों के बीच संबंधों और भरोसे को सुधारने में मदद मिलेगी। खामा प्रेस ने शाहीन के हवाले से कहा है कि अफगानिस्तान में ऐसे कई प्रोजेक्ट हैं, जिन्हें भारत ने फंड किया था. अगर भारत इन परियोजनाओं पर काम फिर से शुरू करता है तो इससे दोनों देशों के बीच संबंध मजबूत होंगे और अविश्वास का माहौल खत्म होगा।



