रोजगार मेला में सीएम हेमंत सोरेन ने राज्य में स्थित विभिन्न टेक्सटाइल कम्पनियों में 2500 युवाओं को ऑफर लेटर वितरित किया

0

आज रांची स्थित टाना भगत इंडोर स्टेडियम में आयोजित रोजगार मेला में सीएम हेमंत सोरेन ने राज्य में स्थित विभिन्न टेक्सटाइल कम्पनियों में 2500 युवाओं को ऑफर लेटर वितरित किया। इस अवसर पर उन्होंने सभी युवाओं को हार्दिक बधाई, शुभकामनाएं और जोहार कहा। इस शुभ अवसर पर सीएम ने यहां उपस्थित सभी टेक्सटाइल कम्पनियों को भी हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी। सीएम हेमंत सोरेन ने कहा ”रोटी, कपड़ा और मकान की जरूरतों को हम पूरा कर रहे हैं। कल ही अबुआ आवास योजना के तहत हम स्वीकृति पत्र प्रदान करना शुरू कर रहे हैं। सर्वजन पेंशन योजना, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना जैसी योजनाओं से लाखों लोगों को जोड़ने का काम किया गया है। मेरी सोच है कि नीति निर्धारण ऐसा हो कि सिर्फ कोई व्यक्ति नहीं बल्कि पूरा समाज आगे बढ़े। हमारी नीतियां उसी दिशा में बनायी गयीं और उनका क्रियान्वयन भी किया जा रहा है।जब कोविड के प्रभाव का धुंध हटने लगा तब कैसे आगे रोजगार सृजन हो, उस पर हम आगे बढ़े। नहीं तो झारखण्ड खनिज संपदाओं को निकालने के लिए ही जाना जाता था।हमने राज्य को आगे बढ़ाने के लिए अपैरल उद्योग को आगे बढ़ाने का काम किया। मुझे खुशी है आज यहां 90 प्रतिशत महिलाएं काम कर रही हैं। आपकी सरकार ने कानून भी बनाया है कि निजी क्षेत्र में स्थानीय को 75 प्रतिशत रोजगार मिले। नीति बनाने के पश्चात हमने 56 हजार से अधिक युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार हेतु ऑफर लेटर देने का भी काम किया है। यहां काम करने वाले लोगों ने मेहनत कर अपने हुनर को निखारा है। आपकी कंपनियों ने इसमें महती भूमिका निभाई है।यह देखकर खुशी होती है कि आज झारखण्ड के हमारे युवा आगे बढ़ रहे हैं। आज यहां जिन 2500 युवाओं को ऑफर लेटर मिल रहा है उन सभी को मेरी हार्दिक बधाई, शुभकामनाएं और जोहार। राज्य के सर्वांगीण विकास में आप भी भागीदार बने, यही कामना करता हूँ।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here