राँची/हजारीबाग। हजारीबाग जिले के डाडीकला ओपी से जुड़े एक मामले में न्यायालय से दोषमुक्त आदेश मिलने के बावजूद थाना में प्रविष्टि नहीं किए जाने का आरोप सामने आया है। इस संबंध में ज्योति कुमारी ने मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग की है।ज्योति कुमारी ने एक्स पर मुख्यमंत्री Hemant Soren को बताया कि उनके पति श्रवण कुमार गुप्ता पिछले कई महीनों से डाडीकला ओपी, हजारीबाग थाने के चक्कर लगा रहे हैं। उनका कहना है कि न्यायालय द्वारा दोषमुक्त किए जाने के बावजूद संबंधित आदेश की प्रविष्टि थाना प्रभारी द्वारा दर्ज नहीं की जा रही है, जिससे उन्हें मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि उनके पति वर्तमान में अंचल कार्यालय, कटकमदाग (हजारीबाग) में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत हैं। थाना में प्रविष्टि नहीं होने के कारण उनका कैरेक्टर सर्टिफिकेट भी निर्गत नहीं हो पा रहा है। ज्योति कुमारी ने दावा किया कि सभी मामलों में न्यायालय से अंतिम दोषमुक्त आदेश प्राप्त हो चुका है और उसकी सत्यापित प्रति भी संलग्न की गई है।मामले पर संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने Hazaribag Police को निर्देश दिया है कि मामले में तत्काल संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई करें और इसकी सूचना उपलब्ध कराएं।



