“आपदा पर हेमंत सरकार का बड़ा वार-राहत के लिए 100 करोड़ का महाअलॉटमेंट”-डॉ. इरफान अंसारी

0
irfan ansari

रांची : झारखंड सरकार के आपदा प्रबंधन एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर इरफान अंसारी आज विभागीय सचिव विप्रा भाल के साथ लंबी वार्ता की और राज्य में संभावित प्राकृतिक आपदाओं को देखते हुए सभी जिलों के उपायुक्तों को विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं। मंत्री ने स्पष्ट कहा है कि जनता की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किया जाए।

झारखंड में कल हुई बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से कई जिलों में किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। खासकर आम, लीची, तरबूज, खरबूज, सब्जियों, मक्का एवं दलहन की फसलें प्रभावित हुई हैं, वहीं खेतों में तैयार खड़ी सब्जियां और फलदार पेड़ों को भी व्यापक क्षति पहुंची है। स्थिति को गंभीरता से लेते हुए राज्य के आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सभी उपायुक्तों को निर्देश जारी कर कहा है कि वे 3 दिनों के भीतर प्रभावित क्षेत्रों का स्थल निरीक्षण कर विस्तृत क्षति रिपोर्ट सरकार को सौंपें, ताकि किसानों को जल्द राहत उपलब्ध कराई जा सके। मंत्री ने कहा कि हेमंत सरकार किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील और गंभीर है तथा किसी भी प्रभावित किसान को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। सरकार लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।

मंत्री ने राज्य के सभी जिलों के लिए आपदा राहत एवं प्रबंधन कार्यों को और अधिक मजबूत बनाने हेतु 100 करोड़ रुपये की राशि आपदा कोष में आवंटित करने की घोषणा की है।

झारखंड सरकार ने आपदा प्रभावित परिवारों को त्वरित राहत पहुंचाने के उद्देश्य से वित्तीय वर्ष 2026-27 में अतिवृष्टि, सर्पदंश, सड़क दुर्घटना, गैस रिसाव, डूबने, आँधी-तूफान, ग्रीष्म लहर समेत विभिन्न आपदाओं में मृत एवं प्रभावित लोगों के आश्रितों को राहत राशि देने हेतु 100 करोड़ रुपये आवंटित करने का प्रस्ताव रखा है। विभागीय मंत्री डॉक्टर इरफान अंसारी ने कहा कि आवश्यकता के अनुसार यह राशि राज्य के सभी जिलों को उपलब्ध कराई जाएगी ताकि पीड़ित परिवारों को समय पर सहायता मिल सके। इसके अलावा प्राकृतिक आपदा प्रबंधन एवं आकस्मिक योजनाओं के प्रभावी संचालन के लिए 150 करोड़ रुपये की राशि भी उपबंधित की गई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार हर संकट की घड़ी में जनता के साथ मजबूती से खड़ी है और राहत कार्यों को और अधिक सशक्त बनाया जा रहा है।

मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सभी उपायुक्तों को निर्देश दिया है कि जिले में आपदा प्रबंधन की तैयारियों की नियमित समीक्षा करें, संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखें तथा किसी भी आपात स्थिति में प्रशासनिक टीम तत्काल सक्रिय हो। उन्होंने कहा कि आम जनता को हर हाल में सुरक्षित रखना सरकार की जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी।

आगे मंत्री जी ने कहा “हेमंत सरकार जनता के साथ मजबूती से खड़ी है। आपदा की हर चुनौती से निपटने के लिए सरकार पूरी तरह तैयार है। किसी भी जिले में राहत कार्य में देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।”उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार लगातार मॉनिटरिंग कर रही है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त संसाधन भी उपलब्ध कराए जाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here