हजारीबाग के उपायुक्त (DC) हेमंत सती ने आज 8 अगस्त 2026 को शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल का औचक निरीक्षण किया और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया. उपायुक्त ने फार्मेसी, जन औषधि केंद्र, पैथोलॉजी, एमटीसी, ओपीडी, एक्स-रे व अल्ट्रासाउंड कक्ष की व्यवस्थाएं देखीं। मरीजों की सुविधा हेतु दवा वितरण केंद्र बढ़ाने, खराब मशीनें दुरुस्त कराने एवं अस्पताल प्रबंधन को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
मरीजों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए फार्मेसी के दवा वितरण केंद्रों की संख्या बढ़ाकर पांच स्थानों पर करने का निर्देश दिया गया। जन औषधि केंद्र को भी अस्पताल परिसर में उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने को कहा गया।पैथोलॉजी में अव्यवस्था मिलने पर डीसी ने नाराजगी जताई और रजिस्ट्रेशन सेंटर में कर्मी बदलने का निर्देश दिया। ऑनलाइन और ऑफलाइन भुगतान की व्यवस्था तथा काउंटरों की संख्या बढ़ाने को कहा गया।उपायुक्त ने अस्पताल को दलाल मुक्त रखने और संलिप्तता पाए जाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। खराब एक्स-रे मशीनों को जल्द दुरुस्त कराने के साथ नई मशीन, अल्ट्रासाउंड और सीपीआरओ मशीन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तेज करने का निर्देश दिया। चिकित्सकों और कर्मचारियों को यूनिफॉर्म में ड्यूटी करने तथा पार्किंग व्यवस्था सुधारने के निर्देश भी दिए गए।




