“सेवा का अधिकार सप्ताह” का वित्त मंत्री द्वारा शुभारंभ,जनता की शिकायतों का हो रहा ऑन-द-स्पॉट निपटारा

0
sarkar aapke dwar

झारखण्ड : आपकी योजना-आपकी सरकार,आपके द्वार कार्यक्रम के तहत “सेवा का अधिकार सप्ताह” का पलामू जिले में शुभारंभ हुआ .राज्य सरकार के दिशा-निर्देशानुसार 21 से 28 नवंबर तक सभी जिले में “सेवा का अधिकार सप्ताह” मनाया जा रहा है। जिले के विभिन्न पंचायतों में शिविर के माध्यम से सेवाओं का अधिकाधिक लाभ आमजनों को उपलब्ध कराया जाएगा। वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर,पांकी के विधायक डॉ. कुशवाहा शशिभूषण मेहता व एसपी ने नीलांबर-पीतांबरपुर में दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया.

हजारीबाग में ” सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत सेवा का अधिकार सप्ताह के माध्यम से जिला के विभिन्न प्रखंडों के पंचायतों में आयोजित शिविर में आमजनों को विस्तृत जानकारी दी जा रही है।इस मौके पर शिविर पहुंचकर लोग बड़ी संख्या में राज्य सरकार की विभिन्न सेवाओं का लाभ एवं इससे सम्बंधित जानकारियां ले रहें हैं।प्रथम दिन दारू, टाटीझरिया और विष्णुगढ़ प्रखंडों में लगाए गए शिविरों का हजारीबाग डीसी शशि प्रकाश सिंह ने निरीक्षण किया।शिविरों में विभिन्न सेवा-काउंटरों पर मिल रही सुविधाओं, ऑनलाइन प्रविष्टि व्यवस्था तथा आवेदनों के निपटान की प्रगति की जानकारी ली।डीसी शशि प्रकाश सिंह ने कहा जिला प्रशासन का प्रयास है कि प्रत्येक नागरिक को सभी सरकारी सेवाएँ सरल, पारदर्शी और समयबद्ध रूप से मिलें।शिविरों में उपस्थित आमजन से संवाद कर उनकी समस्याएँ सुनीं और त्वरित समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जिला प्रशासन पूरे सप्ताह अधिकतम सेवाएँ आमजन तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

रांची नगर निगम क्षेत्र में आज वार्ड 01 (कांके रोड, सीएमपीडीआई के समीप) और वार्ड 02 (एदल्हातु, जोगो पहाड़ के पास) में शिविर लगाए गए।प्रशासक सुशांत गौरव ने दोनों शिविरों का निरीक्षण किया और उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं को समयबद्ध और प्रभावी रूप से आम नागरिकों तक पहुँचाने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्र के सभी सम्मानित नागरिकों से शिविरों में पहुँचकर सेवाओं का लाभ उठाने की अपील भी की है।

जमशेदपुर सदर प्रखण्ड के बागबेड़ा कॉलोनी में आयोजित शिविर में नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए। मौके पर उन्हें योजनाओं की जानकारी दी गई तथा विभिन्न योजनाओं के पात्र लाभुकों को स्वीकृति पत्र एवं अन्य लाभ दिया गया।पोटका प्रखंड के पोटका पंचायत में आयोजित शिविर में विधायक पोटका संजीव सरदार द्वारा लाभुकों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने हेतु प्रेरित किया गया।बहरागोड़ा प्रखण्ड के गोपालपुर पंचायत में आयोजित शिविर में विधायक, बहरागोड़ा समीर मोहंती ने लाभुकों के बीच परिसंपत्ति का वितरण एवं विभिन्न योजनाओं से सम्बंधी स्वीकृति पत्र प्रदान किए। शिविर को लेकर नागरिकों में काफी उत्साह दिखा.

आज गोमिया प्रखंड अंतर्गत पचमो पंचायत के मध्य विद्यालय, रहावन में आयोजित “आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार सेवा का अधिकार सप्ताह” कार्यक्रम में पूर्व विधायक श्रीमती बबीता देवी के साथ शामिल होकर लाभुकों से पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के मंत्री योगेन्द्र प्रसाद ने मुलाकात की और उन्हें अलग-अलग योजनाओं के स्वीकृति प्रमाण पत्र प्रदान किया। मौके विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल्स का निरीक्षण भी किया। राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने और जनता की समस्याओं को समयबद्ध समाधान करने के लिए संबंधित अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। यह अभियान सिर्फ कार्यक्रम नहीं, बल्कि सेवा और अधिकारों को जनता तक पहुँचाने का राज्य सरकार का संकल्प है।

झारखण्ड राज्य सेवा देने की गारंटी अधिनियम, 2011 में सूचीबद्ध सेवाओं जैसे जाति प्रमाण पत्र/आय प्रमाण/जन्म/मृत्यु प्रमाण पत्र/दाखिल खारिज समेत अन्य शिकायतों का ऑन द स्पॉट निराकरण सुनिश्चित कराया जा रहा है।इसी तरह राज्य के सभी जिलों में सरकार जनता के द्वार पहुँच कर उनकी समस्याओं का समाधान कर रही है, और आज से 15 दिसम्बर तक करेगी.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here