झारखण्ड : राज्य में अतिवृष्टि के बाद यूरिया की बढ़ती मांग और उसकी कालाबाजारी पर कृषि , पशुपालन एवं सहकारिता विभाग ने सख्त कदम उठाए है . मांग के अनुरूप राज्य में यूरिया की उपलब्धता को लेकर केंद्रीय कृषि मंत्री से पत्राचार किया गया है. वही पलामू जिले में मिली शिकायत के बाद हुई जांच में चार लाइसेंसी दुकान को रद्द कर दिया गया है.
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में गुरुवार को आयोजित जनता दरबार में कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने विभिन्न जिलों से आये लोगों की समस्याएं सुनीं. उन्होंने यूरिया की कालाबाजारी के मामले में साफ कहा कि जो भी ऐसा कर रहे हैं, वे सुधर जायें. कालाबाजारी को लेकर लगातार छापेमारी होगी. ऐसा करते पकड़े गये, तो लाइसेंस रद्द होगा. सरकार की पूरी निगाह है. पलामू में कालाबाजारी की शिकायत पर चार दुकानों का लाइसेंस निलंबित किया गया है. वहीं, किसानों की समस्याओं को देखते हुए अतिरिक्त यूरिया की आपूर्ति के लिए केंद्रीय कृषि मंत्री को पत्र लिखा गया है. कृषि मंत्री ने कहा कि यूरिया की समस्याओं को लेकर होलसेलरों के साथ शुक्रवार को बैठक होगी.इसके लिए विभागीय सचिव और निदेशक को निर्देश दिया गया है. इस मौके पर उन्होंने विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिया.
हिंदपीढ़ी निवासी मो शमीम जलील 1,32,000 रुपये का बिजली बिल आने पर परेशान दिखे. उन्होंने जनता दरबार में ध्यान आकृष्ट कराया, तो मंत्री ने मामले में संबंधित अधिकारी से बात कर इसमें सुधार करने का निर्देश दिया. साथ ही कहा कि अधिक बिजली बिल के अन्य मामलों को भी प्राथमिकता के आधार पर सुधार करें.




