Bihar:भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भाजपा कार्यकर्ता विजय सिंह की मौत की जांच के लिए 4 सदस्यीय जांच समिति बनाई है, जिनकी कल बिहार के पटना में कथित तौर पर लाठीचार्ज के दौरान मौत हो गई थी। कमेटी जांच के बाद विस्तृत रिपोर्ट जेपी नड्डा को सौंपेगी।भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने पटना में 13 जुलाई 2023 को पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं पर हुई पुलिस प्रशासन की बबर्रता एवं राज्य सरकार के तानाशाही रवैये की घोर निन्दा की है तथा पुलिस लाठीचार्ज में मारे गये पार्टी कार्यकर्ता विजय सिंह की मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त किया है। पुलिस द्वारा किये गये इस लाठीचार्ज में कई वरिष्ठ नेता एवं पार्टी के कार्यकर्ता घायल हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष ने इस संबंध में एक उच्च स्तरीय जांच समिति का गठन किया है।
जांच समिति में निम्नलिखित सदस्य हैं-1. श्री रघुवरदास, पूर्व मुख्यमंत्री, संयोजक,2. श्री मनोज तिवारी, सांसद,3. श्री विष्णु दयाल राम, सांसद,4. श्रीमती सुनीता दुग्गल, सांसद। यह जांच समिति शीघ्र ही पटना का दौरा करेगी और घटना की रिपोर्ट राष्ट्रीय अध्यक्ष को सौंपेगी।
गुरुवार को बिहार की राजधानी पटना में भाजपा के प्रदर्शन और विधानसभा मार्च मामले में बिहार पुलिस द्वारा पार्टी नेताओं के विरुद्ध FIR दर्ज किया गया है। इसमें 59 बीजेपी नेताओं को नामजद किया गया है। प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी, शाहनवाज हुसैन, विजय सिन्हा समेत 59 नामजद है। कोतवाली थाने में दर्ज प्राथमिकी में प्रतिबंधित क्षेत्र में जाकर हंगामा करने, पुलिस के साथ मारपीट, हमला, पत्थरबाजी और सरकारी काम में बाधा का आरोप बीजेपी नेताओं पर लगाया गया है।मौके पर तैनात मजिस्ट्रेट के बयान पर दर्ज प्राथमिकी में पूर्व डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद, रेनू देवी औरंगाबाद के एमपी सुशील कुमार सिंह, पूर्व मंत्री नितिन नवीन समेत कई बड़े नेताओं को अभियुक्त बनाया गया है।सैकड़ों भाजपा नेता और कार्यकर्ताओं को अज्ञात के तौर पर FIR में शामिल किया गया है।



