रांची :भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सरकार को एक बार फिर घेरा है। इसबार उन्होंने नगर निकाय चुनाव को लेकर एक्स पर हेमंत सरकार पर बड़ा आरोप लगा दिया है।बाबूलाल मरांडी का कहना है कि राज्य सरकार नगर निकायों का ईस्तेमाल एटीएम की तरह कर काला धन इकट्ठा कर रही है।एक्स पर मरांडी लिखते हैं “नगर निकाय चुनाव नहीं होने के कारण जनता के पैसों की अंधाधुंध बर्बादी की जा रही है। जानकारी के अनुसार, हुसैनाबाद नगर पंचायत क्षेत्र में बगैर एनओसी के ही उत्तरी कोयल नहर के ऊपर 10 लाख रुपये की लागत से सड़क बना दी गई, बाद में नहर जीर्णोद्धार करा रही कम्पनी ने नवनिर्मित सड़क को उखाड़ दिया।प्रायः झारखंड के सभी नगर निकायों में इसी प्रकार से औचित्यहीन योजनाओं का टेंडर निकालकर प्रशासक जनता के पैसों को पानी की तरह बहा रहे हैं। इन योजनाओं से जनता का कोई भला नहीं हो रहा। राज्य सरकार नगर निकायों का ईस्तेमाल एटीएम की तरह कर काला धन इकट्ठा कर रही है।नगर निकायों का कार्यकाल समाप्त होने के बाद विगत दो वर्षों में नगर विकास विभाग द्वारा खर्च की गई राशि और योजनाओं की प्रासंगिकता की गहन जांच की जानी चाहिए।”




