झारखण्ड : राज्य के 11,80,191 पेंशनधारियों को चार महीने बाद एक साथ तीन महीने अक्तूबर, नवंबर और दिसंबर की पेंशन इसी महीने मिलेगी. इन पेंशनधारियों को सितंबर तक की ही पेंशन मिली थी.इसमे वृद्धा, विधवा व दिव्यांग तीनों पेशन के लाभुकों की संख्या शामिल है. इनके लिए केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संयुक्त रूप से पेंशन योजनाएं चलायी जाती हैं. पेंशन के लिए केंद्रांश की राशि नहीं मिली थी, इसलिए अब तक पेंशन वितरित नहीं की गयी थी. केंद्र सरकार ने अपने हिस्से की पेंशन की राशि उपलब्ध करा दी है. राज्य में वृद्धापेंशन, विधवा पेंशन व दिव्यांग पेंशन के लिए हर महीने 1000 रुपये दिये जाते हैं. केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित राशि के अलावा शेष राशि राज्य सरकार द्वारा दी जाती है. राशि निकासी के लिए तय प्रावधान के अनुरूप केंद्र व राज्य सरकार दोनों की राशि की निकासी एक साथ होती है.




