झारखण्ड : पलामू जिले में मंईयां सम्मान योजना के फर्जी लाभुकों की बड़ी संख्या का खुलासा हुआ है , हालांकी अब इनसे ये राशि सूद समेत वसूली जाएगी।बड़ी संख्या में ऐसे लाभुक पकड़े गए हैं, इनमें वे भी शामिल हैं जिनकी उम्र 50 वर्ष से ज्यादा है. कुछ ऐसे लोग भी हैं, जो विभिन्न सरकारी प्रतिष्ठानों से जुड़े हैं.पारा शिक्षक और आंगनबाड़ी सेविकाएं भी इस योजना का लाभ ले रही थी।इसके अलावा स्वास्थ्य सहिया ने भी इस योजना का लाभ लिया है. पलामू में ऐसे 584 फर्जी लाभुक पकड़े गए हैं। सामाजिक सुरक्षा विभाग के सहायक निदेशक विक्रम आनंद ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर चार प्रखंडों में 584 फर्जी लाभुक पकड़े गए हैं और पूरे मामले में राशि की वसूली की जाएगी. उन्होंने कहा कि पूरे मामले की विस्तृत जांच चल रही है, जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
मुर्दे को भी मिल रहा मंईयां सम्मान:
रामगढ़ प्रखंड की नावाडीह पंचायत में मृत महिला उर्मिला देवी और एक अन्य महिला के खाते में मंईयां सम्मान योजना की राशि गयी है. इस संबंध में नावाडीह पंचायत के पंचायत सेवक मनीष कुमार सिंह ने बताया कि उर्मिला देवी की मौत तीन महीने पहले हुई है. उन्होंने कहा कि एक और अन्य महिला की भी मौत हुई है. जांच के दौरान सदर प्रखंड से 189, सतबरवा प्रखंड से 170, लेस्लीगंज प्रखंड से 82 व रामगढ़ प्रखंड से 143 अयोग्य लाभुक पाये गये हैं.जांच में 1050 ऐसे अयोग्य लाभुक का पता चला है, जो दूसरी पेंशन मद से पैसा ले रहे हैं.वहीं, जिला प्रशासन ने 2750 ऐसे लोगों को चिह्नित किया है, जिनके द्वारा दो अकाउंट के नाम से फॉर्म अप्लाई किया गया था. वैसे लोगों को भी अब तक राशि नहीं भेजी गयी है.




