रांची/खूंटी : झारखंड में प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई ने रांची और खूंटी में पोस्टर लगाकर विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करने की अपील की है. रांची के बेड़ो थाना क्षेत्र के रांची गुमला मार्ग पर कुछ स्थान पर लाल रंग के पोस्टर लगे होने की सूचना मिलने पर बेड़ो पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा कि यूको बैंक के पास लाल कपड़े पर लाल रंग से चुनाव बहिष्कार के पोस्टर लगे हैं. PLFI की केंद्रीय कमेटी की तरफ से जारी पोस्टर में लिखा गया है कि सरकार जनता के लिए किसी भी तरह का काम नहीं कर रही है, इसलिए पुलिस प्रशासन के राज को ध्वस्त करें. झारखंड में होने वाले विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करें. झारखंड के सभी किसान, मजदूर, आदिवासी मूलवासी, छात्र, युवा महिलाएं जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए चुनाव बहिष्कार का आह्वान कर रहे हैं. PLFI ने इस पोस्टर के जरिए लोगों से वोट का बहिष्कार करने की अपील की है. खूंटी थाना ने पोस्टर को खोलकर अपने कब्जे में ले लिया है.




