पिछले कुछ महीनों में फिल्ममेकर महेश भट्ट दो बड़े विवादों में फंसे। एक निजी कम्पनी के खिलाफ चल रही महिलाओं के यौन उत्पीड़न की जांच में राष्ट्रीय महिला आयोग ने महेश भट्ट को नोटिस भेजा था, जिसका उन्होंने जवाब भेज दिया है। महिला आयोग ने इस जवाब को ट्विटर पर शेयर किया है। अपने जवाब में महेश भट्ट ने कहा कि उनके नाम और तस्वीर का ग़लत इस्तेमाल किया गया है। बता दें कि महिला आयोग आईएमजी वेंचर्स नाम की एक कंपनी पर लगे महिलाओं के यौन उत्पीड़न के आरोपों की जांच कर रहा है। आयोग ने महेश भट्ट, उर्वशी रौतेला, ईशा गुप्ता, रणविजय सिंह, मौनी रॉय और प्रिंस नरूला को इस मामले में नोटिस भेजा था।महेश भट्ट आयोग के समक्ष हाजिर हुए और अपना जवाब दाखिल किया। उन्होंने कहा कि मुझे मुख्य अतिथि के तौर पर इवेंट में आमंत्रित किया गया था, मगर मैंने कोविड-19 के मद्देनजर शामिल होने से मना कर दिया था। नवम्बर के आस-पास का मैंने समय दिया था, अगर हालात ठीक हों। मैंने किसी तरह का कॉन्ट्रेक्ट साइन नहीं किया था। मेरी फोटो सोशल मीडिया से लेकर मेरी अनुमति के बिना इस्तेमाल कर ली गयीं। जब मैंने इस पर आपत्ति जताई तो उन्होंने माफी मांगते हुए इवेंट से मेरी फोटो हटा दीं। महेश भट्ट ने साफ किया कि आईएमजी वेंचर्स के सनी वर्मा से और मिस्टर एंड मिसेज ग्लैमर 2020 से उनका कोई संबंध नहीं है।
बता दें कि एक एनजीओ ने पीड़ित लड़कियों की ओर से राष्ट्रीय महिला आयोग में कंपनी के प्रमोटर्स के ख़िलाफ़ यौन शोषण और ब्लैकमेलिंग की शिकायत दर्ज़ करवाई। सेलेब्रिटीज़ के नाम इस कंपनी द्वारा करवाये जा रहे इवेंट से जुड़े होने की वजह से उन्हें भी नोटिस भेजे गये थे। महिला आयोग ने जानकारी दी कि मंगलवार को ऑनलाइन सुनवाई के ज़रिए सभी के बयान दर्ज़ किये गये हैं। हालांकि मौनी रॉय और उर्वशी रौतेला ने कई बार सूचित करने के बावजूद सुनवाई अटेंड नहीं की। बता दें कि महेश भट्ट निर्देशित फ़िल्म सड़क 2 रिलीज़ होने वाली है। इस फ़िल्म में संजय दत्त, आदित्य रॉय कपूर और आलिया भट्ट मुख्य किरदारों में हैं।Ranjana pandey



