छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ में शनिवार को सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में आठ नक्सली मारे गए।गोलीबारी में एक जवान शहीद हो गया और दो अन्य घायल हो गए।माड़ और नारायणपुर जिलों में पिछले दो दिनों से सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ चल रही है।मुठभेड़ के समय चार जिलों – नारायणपुर, कांकेर, दंतेवाड़ा और कोंडागांव – के सुरक्षाकर्मी नक्सल विरोधी अभियान पर थे। चार जिलों के जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी), विशेष कार्य बल (एसटीएफ) और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की 53वीं बटालियन के जवानों की मदद से 12 जून को अभियान शुरू किया गया था। मुठभेड़ अभी भी जारी है।छत्तीसगढ़ के CM विष्णु देव साय ने ट्वीट कर कहा, “नारायणपुर जिले के थाना ओरछा अंतर्गत फरसाबेड़ा-धुरबेड़ा के बीच सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में 8 नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। मुठभेड़ में एक एसटीएफ जवान के शहीद होने और दो जवानों के घायल होने की भी दुखद खबर है। घायल जवानों को तत्काल उपचार के लिए रायपुर ले जाया जा रहा है। मैं ईश्वर से शहीद जवान की आत्मा की शांति और घायल जवानों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। नक्सलियों के खिलाफ की जा रही सख्त कार्रवाई से उनमें बौखलाहट है। हमारी सरकार उन्हें खत्म करने के लिए पूरी तरह तैयार है और जब तक लक्ष्य हासिल नहीं हो जाता, हम चुप नहीं बैठेंगे।”




