रांची : दुमका में स्पेनिश महिला से हुए गैंगरेप मामले में 7 फरवरी को झारखंड हाईकोर्ट में सुनवाई हुई. सुनवाई के दौरान अदालत ने राज्य सरकार को विस्तृत आंकड़े के साथ इस मामले में हुई कार्रवाई की रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है.अदालत ने मामले में सुनवाई के दौरान सरकार से पूछा है कि विदेशी पर्यटकों के राज्य की सीमा में प्रवेश की जांच के साथ उनकी सुरक्षा और सहायता के लिए राज्य सरकार ने किस प्रकार की एसओपी जारी की है. अगर एसओपी नहीं है तो भविष्य में इसकी क्या योजना है. इसको लेकर सरकार अदालत में एक विस्तृत रिपोर्ट जारी करें. अब मामले की अगली सुनवाई 13 मार्च को होगी.बता दें कि स्पेनिश महिला के साथ गैंगरेप मामले में झारखंड हाईकोर्ट के कार्यकारी चीफ जस्टिस जस्टिस एस चंद्रशेखर एवं जस्टिस नवनीत कुमार की खंडपीठ में सुनवाई हुई. सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से अदालत को यह जानकारी दी गई कि इस घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पीड़िता को मुआवजे के तौर 10 लाख का भुगतान भी कर दिया गया है.



