गिरिडीह : पूर्व सीएम हेमंत सोरेन ने झारखंड राज्य के हर गरीब, पीड़ित, वंचित और शोषितों को उनका हक-अधिकार दिलाया। जन जन के लिए समर्पण भाव से काम किया, जिसका नतीजा है कि आज हेमंत सोरेन सबके दिलों में रचे बसे हैं।दरअसल शुक्रवार को बेंगाबाद के धुमाडीह में बीस सूत्री के प्रखंड अध्यक्ष नुनूराम किस्कू उर्फ टाइगर की अध्यक्षता में संताल समाज ने बैठक कर एक बड़ी घोषणा की जिसमें कहा गया कि पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के जेल से बाहर नहीं निकलने तक प्रखंड के संताल समाज कोई भी पर्व-त्योहार सामूहिक रुप से नहीं मनाएगा। शादी-विवाह को छोड़कर किसी भी तरह के उत्सव समारोह मनाने से परहेज करने का फैसला बैठक में सर्वसम्मति से लिया है। प्रखंड के किसी भी संथाल समाज के घर रविवार को चूल्हा नहीं जलाने और एक दिवसीय सामूहिक उपवास पर रहने की भी घोषणा की गई है। जेल से रिहाई की कामना को लेकर संताल समाज उपवास करेगा। रिहाई के लिए धर्म स्थल पर पूजा पाठ और हवन पूजन करने का निर्णय लिया गया है।प्रखंड अध्यक्ष नुनूराम किस्कू ने कहा कि झारखंड में पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की बढ़ती लोकप्रियता को भाजपा वाले नहीं पचा सके। एक साजिश के तहत ईडी को हथियार बनाकर भाजपा द्वारा उन्हें जेल भेजा गया है। संताल समाज इसे कभी बर्दाश्त नहीं करेगा।



